तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी, द पैलेस स्कूल में हड़कंप
जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर के प्रतिष्ठित द पैलेस स्कूल को बुधवार सुबह एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई। इसके बाद स्कूल प्रशासन और बच्चों में दहशत फैल गई। यह तीसरा मौका है, जब जलेब चौक स्थित इस निजी स्कूल को इस तरह की धमकी मिली है।
इससे पहले जून और जुलाई 2025 में भी स्कूल को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए थे, जो बाद में अफवाह साबित हुए।
तत्काल स्कूल खाली कराया गया
धमकी भरा ईमेल मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत जयपुर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस, आतंकवाद निरोधी दस्ता, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्कूल परिसर को तुरंत खाली कराया गया और सभी छात्रों को सुरक्षित उनके घर भेज दिया गया।
बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वॉड ने स्कूल के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली। कई घंटों की जांच के बाद भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिसके बाद स्कूल प्रशासन, शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली।
कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
माणक चौक के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) पीयूष कविया ने बताया कि बुधवार सुबह स्कूल प्रबंधन को धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था, जिसमें स्कूल को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उन्होंने कहा कि लगातार धमकी भरे ईमेल मिलने के इस मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये धमकियां कौन और क्यों भेज रहा है।
बम धमकियों का सिलसिला जारी
जयपुर में बम धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। द पैलेस स्कूल के अलावा, हाल के महीनों में मुख्यमंत्री कार्यालय, सवाई मानसिंह स्टेडियम, मेट्रो रेल, मेट्रो रेलवे स्टेशन और दो कोर्ट परिसरों को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। इन सभी मामलों में गहन जांच के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन बार-बार मिल रही धमकियों ने शहरवासियों में दहशत पैदा कर दी है।
राशिफल 7 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
कसनिया में 33/11 केवी नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र प्रारंभ
ई-ऑफिस में फाईल बढ़ाते समय सभी नियमों एवं स्पष्ट अभिमत के साथ हो प्रस्तुतिकरण : प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा
काशी की पावन धरा पर हुआ उज्जैनी के शौर्य का सूर्योदय
एनएसजी भारत का अभेद्य कवच, इनसे हैं हम हर हाल में सुरक्षित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
जल जीवन मिशन से ढिटोरी की महिलाओं के जीवन में आई नई मुस्कान
छत्तीसगढ़ बनेगा मखाना हब : कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने लिंगाडीह में मखाना सेंटर का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से नव नियुक्त सूचना आयुक्तों ने की सौजन्य भेंट
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया "गीता भारती" का विमोचन
स्वस्थ बेटियां, सक्षम बेटियां: छत्तीसगढ़ में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ