राजस्थान। में आज 24 मार्च 2026 का दिन लाखों विद्यार्थियों के लिए अहम साबित होने जा रहा है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं के साथ-साथ 5वीं और 8वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम आज दोपहर 1 बजे माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर कार्यालय में जारी किए जाएंगे। इससे प्रदेश के 36 लाख से अधिक विद्यार्थियों का इंतजार खत्म होगा।

 10वीं के 10 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों को था इंतजार

कक्षा 10वीं के वर्ष 2026 के परिणाम का इंतजार 10,68,109 विद्यार्थियों को था, जिन्होंने 12 फरवरी से 28 फरवरी के बीच आयोजित परीक्षा में भाग लिया। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू होना है, जिसे ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने मूल्यांकन प्रक्रिया को तेज कर समय से पहले परिणाम जारी करने का निर्णय लिया।
 
परिणाम जारी करने के पैटर्न में बड़ा बदलाव

पिछले वर्षों में राजस्थान बोर्ड आमतौर पर 10वीं का परिणाम मई या जून में जारी करता रहा है, लेकिन इस बार लगभग डेढ़ से दो महीने पहले नतीजे जारी किए जा रहे हैं। वर्ष 2025 में परिणाम जून के पहले सप्ताह में घोषित हुआ था, जबकि 2024 और 2023 में भी परिणाम क्रमशः मई और जून में जारी हुए थे।
 
पिछले वर्षों में लगातार बेहतर प्रदर्शन

पिछले वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि विद्यार्थियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है। वर्ष 2025 में करीब 93.6 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए, जिसमें 93.16 प्रतिशत छात्र और 94.08 प्रतिशत छात्राएं पास हुईं। इससे स्पष्ट है कि छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा था।
 
5वीं और 8वीं के 26 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल

कक्षा 5वीं और 8वीं के परिणाम भी आज जारी किए जा रहे हैं, जिनमें 26 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल हैं। इनमें करीब 14 लाख विद्यार्थी 5वीं और लगभग 12 लाख विद्यार्थी 8वीं कक्षा के हैं। परीक्षाएं फरवरी और मार्च के बीच पूरे प्रदेश में हजारों केंद्रों पर आयोजित की गई थीं।
 
नई पासिंग पॉलिसी से बदला मूल्यांकन

इस बार 5वीं और 8वीं के परिणाम खास हैं, क्योंकि पहली बार नई पासिंग पॉलिसी लागू की गई है। इसके तहत अब स्वतः प्रमोशन नहीं मिलेगा और प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक अनिवार्य किए गए हैं। इससे परिणाम पहले की तुलना में अधिक सख्त रहने की संभावना जताई जा रही है।

दोबारा परीक्षा का भी मिलेगा मौका

नई परीक्षा व्यवस्था के तहत अब वर्ष में दो बार परीक्षा का प्रावधान किया गया है। जो विद्यार्थी कम अंक प्राप्त करेंगे या किसी विषय में असफल रहेंगे, उन्हें 45 दिनों के भीतर कंपार्टमेंट परीक्षा देकर सुधार का अवसर मिलेगा।
 
परिणाम देखने की प्रक्रिया और आगे की तैयारी

विद्यार्थी 5वीं और 8वीं का परिणाम राजशालादर्पण पोर्टल पर यहां क्लिक कर देखें, जिसके लिए रोल नंबर और जन्मतिथि की जरूरत होगी। वहीं 10वीं के परिणाम जारी होने के बाद आगे की पढ़ाई और प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जिसे 1 अप्रैल से शुरू होने वाले नए सत्र से जोड़ा गया है।